कम नहीं हुआ शकीरा के ‘वाका वाका’ का जादू

फीफा विश्व कप के इतिहास में कई गाने आए और गए, लेकिन 2010 का थीम सॉन्ग शकीरा का ‘वाका वाका’ (This Time for Africa) आज भी फुटबॉल प्रेमियों की पहली पसंद बना हुआ है. इस गाने ने यूट्यूब पर एक अरब (1 Billion) के जादुई आंकड़े को पार कर एक नया इतिहास भी रच दिया है.

इस मुकाम के साथ शकीरा अब उन चुनिंदा लैटिन अमेरिकी कलाकारों की फेहरिस्त में शामिल हो गई हैं, जिन्होंने डिजिटल दुनिया में अपनी बादशाहत कायम की है. शकीरा से पहले यह जादू ब्रूनो मार्स, मार्क रॉनसन और एनरिक इग्लेसियस जैसे दिग्गज ही दिखा पाए थे.

इस उपलब्धि पर भावुक होते हुए शकीरा ने सोशल मीडिया पर साझा किया: “वाह! ‘वाका वाका’ को एक अरब से ज्यादा बार देखा जा चुका है. यह सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि वो पल है जिसने मेरी पूरी जिंदगी और दुनिया बदल दी.” आज के दौर में, जहां हर दिन नए म्यूजिक वीडियो रिलीज होते हैं, ‘वाका वाका’ की यह निरंतर सफलता साबित करती है कि असली संगीत समय की सीमाओं को पार कर जाता है.

फीफा वर्ल्ड कप 2014 में चला था शकीरा के वाका-वाका का जादू

ब्राजील में आयोजित हुए फीफा वर्ल्ड कप 2014 के विदाई समारोह में तो शकीरा का जादू सिर चढ़कर बोला था. जर्मनी और अर्जेंटीना के बीच फाइनल मुकाबले से पहले हुए विदाई समारोह की चमक शकीरा ने अपने परफॉर्मेंस से और बढ़ा दी थी.

शास्त्रीय संगीत की भी जानकार हैं शकीरा

शकीरा लैटिन अमेरिका के संगीत परिदृश्य में 1990 के दशक में एक प्रतिभा के रूप में उभरीं. बेरेंकिया, कोलंबिया में जन्मी और बड़ी हुई शकीरा ने विद्यालय में ही अपनी कई प्रतिभाओं को प्रदर्शित किया जिनमे रॉक एंड रोल, लैटिन तथा अरब में गायन क्षमता और बेली डांस शामिल हैं.

शकीरा की मातृभाषा स्पेनिश है पर वह सहज अंग्रेजी और पुर्तगाली और इतालवी, फ्रेंच तथा कातालान भी बोल लेती है. वह अरब शास्त्रीय संगीत भी जानती हैं.